छत्तीसगढ़

रायपुर के 70 में से 23 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित

रायपुर। नगर निगम चुनाव के लिए महापौर पद अनारक्षित होने के बाद बुधवार को यहां शहीद स्मारक भवन में शहर के वार्डों का आरक्षण किया गया। लाटरी सिस्टम से किए गए आरक्षण में कुल 70 वार्डों में 9 वार्ड अनुसूचित जाति, 3 वार्ड अनुसूचित जनजाति व 18 वार्ड अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हुए हैं। बाकी 40 वार्ड सामान्य वर्ग के लिए घोषित किए गए। इन सभी वार्डों में महिलाओं के लिए 23 वार्ड आरक्षित किए गए हैं।
कलेक्टर एस भारतीदासन व निगम अफसरों की उपस्थिति में 2011 की जनगणना के आधार पर रायपुर निगम के वार्डों का आरक्षण शुरू किया गया। सबसे पहले अनुसूचित जाति के लिए कुल 9 वार्ड आरक्षित किए गए, जिसमें 3 वार्ड के लिए आरक्षित किए गए। इसके बाद अनुसूचित जाति के लिए कुल 3 वार्ड की पर्ची निकाली गई। इसमें एक वार्ड महिला के लिए आरक्षित रही। अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए कुल 6 एवं सामान्य वर्ग महिला के लिए कुल 13 वार्ड आरक्षित किए गए हैं।
महापौर पद के आरक्षण के बाद वार्डों के आरक्षण का क्रम दोपहर 12 बजे शुरू किया गया। इस दौरान शहीद स्मारक भवन में भाजपा, कांग्रेस व अन्य दलों के पदाधिकारियों, नेताओं की भारी भीड़ लगी रही। खासकर पार्षद चुनाव लडऩे के इच्छुक लोग वहां घंटों जमे रहे। आरक्षण का क्रम जैसे-जैसे बनता गया, वे सभी खुशी से उछलते रहे। आरक्षण के दौरान महिलाओं की भी अच्छी भीड़ लगी रही। माना जा रहा है कि वार्ड आरक्षण के बाद अब निगम की राजनीति गरमा जाएगी।
भाजपा विकास कार्यों के दम
पर चुनाव लड़ेगी-सुनील सोनी
सांसद सुनील सोनी ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि भाजपा नगरीय निकाय चुनाव विकास कार्यों के दम पर लड़ेगी। उनकी एक चुनाव समिति बनेगी, जो वार्डों में पार्षद प्रत्याशी तय करेगी। चुनाव में विकास उनका मुख्य मुद्दा होगा। वार्डों में नाली, बिजली, पानी समेत आम समस्याओं को दूर करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता एक अच्छी शहरी सरकार बनाएगी।
ज्यादा से ज्यादा पार्षद जीतकर आएंगे-सुंदरानी
भाजपा प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि निकाय चुनाव में विकास मुख्य मुद्दा होगा। खासकर रायपुर निगम क्षेत्र में विकास को लेकर भाजपा चुनाव लड़ेगी। उन्हें उम्मीद है कि यहां से ज्यादा से ज्यादा उनकी पार्टी समर्थक पार्षद चुनाव जीतकर आएंगे। उनकी पार्टी ने चुनाव की तैयारी लगभग पूरी कर ली है।

Related Articles

Back to top button