छत्तीसगढ़

विधानसभा उप निर्वाचन दन्तेवाड़ा में मतगणना तैयारी पूर्ण

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने लिया तैयारियों का जायजा

रायपुरl विधानसभा उप निर्वाचन 2019 के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-88 दन्तेवाड़ा के सदस्य निर्वाचन हेतु 273 मतदान केंद्रों में 23 सितम्बर को मतदान सम्पन्न हुआ था। जिसकी मतगणना 27 सितम्बर को प्रातः 8 बजे से मतगणना केन्द्र डाइट परिसर दंतेवाड़ा में की जायेगी। मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुब्रत साहू ने दन्तेवाड़ा के मतगणना स्थल की तैयारियों का गत दिनों जायजा लिया।
ज्ञात हो कि विधानसभा उप निर्वाचन 2019 के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 88 दन्तेवाड़ा के कुल मतदाताओं एक लाख 88 हजार 729 में से कुल एक लाख 14 हजार 360 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है। मतगणना तिथि 27 सितम्बर को सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती पहले शुरू की जायेगी। इसके बाद सभी 273 मतदान केंद्रों के ईव्हीएम में डाले गये मतों की गणना होगी। मतगणना कुल 14 टेबलों में 20 चक्रों में होगी। इस हेतु गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक और सूक्ष्म प्रेक्षक का 17-17 दल गठित किये गये है। गणना का सारणीकरण सहायक रिटर्निंग अधिकारी के द्वारा किया जायेगा। प्रति चक्र दो मशीनों का मिलान जनरल आब्जर्वर के द्वारा किये जाने के पश्चात चक्र की गणना को अंतिम रूप देकर सूचना पटल पर प्रदर्शित करने सहित सुविधा एप्प में प्रविष्टि की जायेगी। इसके साथ ही रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा चक्रवार उदघोषणा की जायेगी। वहीं प्रत्येक चक्र की गणना समाप्ति पर परिणाम की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी जायेगी।
ईव्हीएम से गणना पूर्ण होने के पश्चात कोई भी 5 मतदान केंद्रों के व्हीव्हीपेट मशीन की पर्चियों की गणना कर मिलान किया जायेगा। इन 5 मतदान केंद्रों के व्हीव्हीपेट मशीन का चयन लाटरी पद्धति के जरिए किया जाएगा। हरेक अभ्यर्थियों द्वारा मतगणना अभिकर्ता रखे जायेंगे। मतगणना केन्द्र में प्रातः 7 बजे से प्रवेश दिया जायेगा। मतगणना स्थल पर मोबाईल, केलकुलेटर, कैमरा या अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित है। निर्धारित प्रवेश प्राधिकार पत्र के बगैर किसी भी व्यक्ति को मतगणना स्थल पर प्रवेश करने नहीं दिया जायेगा। मतगणना स्थल पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। दन्तेवाड़ा में मतगणना स्थल परिसर में वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित है। मतगणना स्थल के 100 मीटर परिधि पैदल यात्रा क्षेत्र घोषित किया गया है। बताया गया कि मतगणना दिवस पर नियत समय पर ही स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। इस दौरान जनरल आब्जर्वर और अभ्यर्थियों के निर्वाचन अभिकर्ता मौजूद रहेंगे।

Related Articles

Back to top button