छत्तीसगढ़

CG Weather Update: आज फिर बदलेगा मौसम, कई इलाकों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी...

19, May, 2025 | रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, उमस अभी भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक से दो दिनों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है। विभाग ने आज, सोमवार 19 मई को प्रदेश के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं (अंधड़) की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में वज्रपात भी हो सकता है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम तापमान पेंड्रा रोड में 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पूर्व मानसून अगले एक-दो दिनों में दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीपों के शेष भाग, अंडमान सागर और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में सक्रिय हो सकता है।

वर्तमान में, एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में स्थित है, और एक ट्रफ मध्य पंजाब से उत्तर बांग्लादेश तक फैली हुई है। इसके अतिरिक्त, एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ पश्चिमी विदर्भ से उत्तर आंतरिक कर्नाटक तक विस्तृत है। इन मौसमी बदलावों के कारण प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।

राज्य में आज, 19 मई को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में अंधड़ और वज्रपात भी हो सकता है। हालांकि, अधिकतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव अपेक्षित नहीं है। मौसम विभाग ने 20 मई से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है।

राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button