PM MODI | नरेंद्र मोदी ने 48 घंटे में 8 खाड़ी देशों के नेताओं से की बात …

नई दिल्ली। ईरान-इजरायल जंग ने मिडिल ईस्ट को बारूद के ढेर पर ला खड़ा किया है। इसी बीच भारत ने तेज कूटनीतिक चाल चली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 48 घंटों में 8 खाड़ी देशों के शीर्ष नेताओं से सीधे फोन पर बात कर हालात की समीक्षा की।
सरकार की सबसे बड़ी चिंता है खाड़ी देशों में रह रहे करीब 90 लाख भारतीय। ये वही क्षेत्र है जहां लाखों भारतीय काम करते हैं और भारत की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान देते हैं। युद्ध बढ़ने की स्थिति में उनकी सुरक्षा, आवाजाही और सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने सभी नेताओं से बातचीत में तनाव कम करने, बातचीत के रास्ते समाधान निकालने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया। भारत का रुख साफ है जंग नहीं, संवाद।
भारत के इजरायल और खाड़ी देशों से संतुलित संबंध इस संकट में अहम माने जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात में भारत की सक्रिय भूमिका उसे वैश्विक मंच पर एक जिम्मेदार और प्रभावशाली शक्ति के रूप में स्थापित कर सकती है।
मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बदल रहे हैं, लेकिन दिल्ली ने साफ कर दिया है कि भारतीयों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।



