Holi celebration in CG: रायपुर में ‘स्त्री 2’ थीम पर बनी अनोखी होलिका, सरकटा की प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
Holi celebration in CG: कालीबाड़ी चौक पर बनाई गई ‘स्त्री 2’ थीम वाली होलिका चर्चा में बनी हुई है। “ओ स्त्री कल आना” के कॉन्सेप्ट पर...

13, March, 2025 | रायपुर। Holi celebration in CG: राजधानी रायपुर में होली का रंग चढ़ने लगा है। बाजारों में रौनक के साथ ही होलिका दहन की तैयारियां भी जोरों पर हैं। इस बार शहरभर में अलग-अलग थीम पर आधारित होलिका की मूर्तियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं। खासतौर पर कालीबाड़ी चौक पर बनाई गई ‘स्त्री 2’ थीम वाली होलिका चर्चा में बनी हुई है। “ओ स्त्री कल आना” के कॉन्सेप्ट पर बनी इस अनोखी मूर्ति के साथ फिल्म के प्रसिद्ध कैरेक्टर ‘सरकटा’ की प्रतिमा भी लगाई गई है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मूर्तिकारों की क्रिएटिविटी को मिल रही सराहना
इस खास होलिका को पुजारी मूर्तिकार बंधुओं ने तैयार किया है। मूर्तिकार राकेश पुजारी ने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से अलग-अलग थीम पर आधारित मूर्तियां बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस साल ‘स्त्री 2’ फिल्म का ट्रेंड काफी लोकप्रिय हो रहा है, इसलिए इस बार उन्होंने सरकटा के रूप में होलिका की मूर्ति बनाई है। राकेश ने बताया कि अब तक रायपुर में 20 से अधिक मूर्तियां बेची जा चुकी हैं और शहर के अलग-अलग इलाकों में कई अनोखी थीम वाली होलिका की मूर्तियां देखने को मिलेंगी।
होलिका दहन का शुभ मुहूर्त
श्रीजगद्गुरु शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती आश्रम, बोरियाकला के प्रधान दंडी स्वामी एवं ज्योतिषाचार्य ब्रह्मचारी डॉ. इंदुभवानंद के अनुसार, होलिका दहन फाल्गुन शुक्ल चतुर्दशी को यानी गुरुवार, 13 मार्च को रात्रि 10:44 बजे के बाद किया जाना शुभ रहेगा।
रायपुर में इस बार होलिका दहन की थीम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिससे शहर में होली का जोश और भी बढ़ गया है।