RAIPUR BREAKING | IPS प्रखर पांडेय का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रखर पांडेय का आज दोपहर करीब 4:15 बजे निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक, उन्हें भिलाई में अचानक हृदयघात आया, जिसके बाद आनन-फानन में रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
आईपीएस प्रखर पांडेय वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में डीआईजी, सीआईडी के पद पर पदस्थ थे। अपने सेवा काल में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वे इससे पहले कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जिले में पुलिस अधीक्षक रह चुके थे, वहीं बिलासपुर और राजनांदगांव में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दी थीं।
उनके असामयिक निधन से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ सहित पुलिस महकमे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।



