INDIANS ARRESTED | UAE में 19 भारतीय गिरफ्तार… जानिए वजह

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच UAE से बड़ी खबर सामने आई है। संयुक्त अरब अमीरात की पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक और मनगढ़ंत वीडियो पोस्ट करने के आरोप में 35 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 19 भारतीय भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि इन लोगों ने ऐसे वीडियो क्लिप पोस्ट किए जिनमें मौजूदा घटनाओं को लेकर गलत जानकारी या भ्रामक कंटेंट था। UAE के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्सी ने इस मामले में तेजी से मुकदमा चलाने के आदेश दिए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी तीन अलग-अलग समूहों में काम कर रहे थे। कुछ लोग असली घटनाओं के वीडियो पोस्ट कर रहे थे, जबकि कुछ AI की मदद से नकली वीडियो बना रहे थे। वहीं एक समूह पर एक ऐसे देश के समर्थन में कंटेंट फैलाने का आरोप है जो सैन्य कार्रवाई में शामिल है।
रिपोर्ट के मुताबिक इन आरोपों के तहत दोषी पाए जाने पर कम से कम एक साल की जेल और करीब 1 लाख दिरहम तक का जुर्माना लग सकता है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैलाई जा रही गलत जानकारी देश की सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा बन सकती है, इसलिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले भी भारतीय दूतावास ने लोगों से अपील की थी कि हमले या संवेदनशील घटनाओं से जुड़े वीडियो न बनाएं और बिना पुष्टि वाली जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें।



