CG SCAM | नक्शा पास कराने में बड़ा घोटाला, बिल्डर-प्रशासन की मिलीभगत के आरोप

बिलासपुर। न्यायधानी Bilaspur में बिल्डर-प्रशासन की सेटिंग का बड़ा खेल सामने आया है। अज्ञेय नगर में एमएस अनंत रियल्टी प्रोजेक्ट में नक्शा पास कराने में ऐसा खेल हुआ कि 4 मंजिल की जगह 6 मंजिल और 60 फ्लैट की जगह 90 फ्लैट की मंजूरी मिल गई।
चौंकाने वाली बात ये है कि ये फर्क इतना साफ था कि आम आदमी भी पकड़ ले, लेकिन जिम्मेदार अफसरों ने आंख बंद कर ली। आरोप है कि बिल्डर नमन गोयल ने अधिकारियों की मिलीभगत से ये पूरा खेल किया।
और मामला यहीं नहीं रुका… नक्शा जिस इंजीनियर ‘विकास सिंह’ के नाम से पास हुआ, वो शहर में रजिस्टर्ड ही नहीं है। यानी फर्जी नाम से नक्शा पास कराने का आरोप भी सामने आ गया है।
गरीबों के नाम पर भी खेल किया गया। नियम के मुताबिक EWS फ्लैट बनाना जरूरी था, लेकिन जिस जमीन का हलफनामा दिया गया, वो जमीन ही बिल्डर के नाम पर नहीं निकली। यानी प्रशासन को गुमराह कर पूरी मंजूरी ले ली गई।
इस पूरे मामले ने नगर निगम और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना ये है कि इस खेल पर कार्रवाई होती है या मामला दबा दिया जाता है।



