CHHATTISGARH | नक्सलियों तक विदेश से सोना पहुंच रहा?

रायपुर। बस्तर के नक्सल नेटवर्क को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा सामने आया है। दंतेवाड़ा के पूर्व विधायक मनीष कुंजाम ने कहा है कि नक्सलियों तक विदेश से सोने की सप्लाई हो रही है।
उन्होंने शक जताया कि इस पूरे मामले का कनेक्शन स्विट्जरलैंड तक हो सकता है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। कुंजाम का कहना है कि अगर ये बात सही निकली तो ये सिर्फ लोकल मुद्दा नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा से जुड़ा बड़ा मामला बन सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर जैसे नक्सल प्रभावित इलाकों में जो संगठन सक्रिय हैं, उनकी फंडिंग कहां से आ रही है, ये पता लगाना बेहद जरूरी है। बाहर से पैसा आ रहा है तो नक्सली गतिविधियों को बढ़ावा मिलना तय है।
साथ ही, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों पर भी सवाल उठाए गए हैं। कुंजाम के मुताबिक, कई लोगों ने जल-जंगल-जमीन के मुद्दों पर कोई भूमिका नहीं निभाई और अचानक सरेंडर कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मामलों में घोषित इनाम से ज्यादा रकम मिलने की बात भी सामने आई है।



