CG BREAKING | छत्तीसगढ़ में ED का बड़ा एक्शन…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ED ने एक साथ दो बड़े घोटालों में बड़ी कार्रवाई की है। मेडिकल इक्विपमेंट और री-एजेंट खरीद घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने करीब 80.36 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है।
जांच में सामने आया कि CGMSC और स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर कर मेडिकल उपकरण और री-एजेंट ऊंचे दामों पर खरीदे गए। आरोप है कि मोकशित कॉर्पोरेशन के पार्टनर शशांक चोपड़ा ने अधिकारियों के साथ मिलकर यह खेल किया और राज्य को भारी नुकसान पहुंचाया। ED ने इस मामले में पहले भी छापेमारी कर पोर्श, मर्सिडीज और मिनी कूपर जैसी लग्जरी गाड़ियां जब्त की थीं और मुख्य आरोपी शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार किया था। इस केस में अब तक कुल करीब 123 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त या फ्रीज की जा चुकी है।
वहीं दूसरी ओर भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर-विशाखापट्टनम नेशनल हाईवे के भूमि अधिग्रहण मुआवजा घोटाले में भी ED ने कार्रवाई की है। इस मामले में 23.35 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां जब्त की गई हैं।
जांच में पता चला कि जमीन ब्रोकरों, निजी लोगों और कुछ सरकारी अधिकारियों ने मिलकर फर्जी और बैकडेटेड रेवेन्यू रिकॉर्ड बनाकर जमीन के टुकड़े दिखाए, जिससे मुआवजा राशि कई गुना बढ़ा दी गई। बाद में मुआवजा राशि का बड़ा हिस्सा हरमीत सिंह खानुजा और उसके सहयोगियों के खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। जांच में करीब 27 करोड़ रुपये के गबन का खुलासा हुआ है।



