IRAN ISRAEL WAR | न्यूक्लियर साइट पर वार! जंग खतरनाक मोड़ पर

नई दिल्ली। मध्य-पूर्व में चल रही जंग अब बेहद खतरनाक लेवल पर पहुंच गई है। ईरान लगातार इजरायल पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है और हर दिन हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। तेल अवीव, अराद और डिमोना जैसे शहर अब सीधे निशाने पर हैं। सायरन, धमाके और धुएं के बीच लोग डर के साये में जी रहे हैं।
सबसे बड़ा झटका तब लगा जब ईरान ने डिमोना को टारगेट किया, जहां इजरायल का बेहद संवेदनशील न्यूक्लियर रिएक्टर है। दुनिया के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इस इलाके तक मिसाइल पहुंचना ही अपने आप में बड़ा संकेत है कि खतरा कितना बढ़ चुका है। इजरायल के Iron Dome और Arrow जैसे हाईटेक सिस्टम भी हर हमले को रोक नहीं पा रहे हैं।
ईरान का दावा है कि उसने इजरायल को भारी नुकसान पहुंचाया है। इतना ही नहीं, खाड़ी देशों और अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। डिएगो गार्सिया जैसे दूर के सैन्य अड्डे तक मिसाइल दागकर ईरान ने अपनी लंबी दूरी की ताकत भी दिखा दी, भले ही वो लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई।
इधर इजरायल भी पीछे नहीं है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू इसे देश के अस्तित्व की लड़ाई बता चुके हैं और जवाबी हमले तेज कर दिए गए हैं। हालात अब इतने संवेदनशील हो गए हैं कि न्यूक्लियर साइट्स पर हमलों के बाद बड़ा सवाल खड़ा हो गया है क्या दुनिया एक और बड़े युद्ध या परमाणु टकराव की ओर बढ़ रही है?



