CHHATTISGARH | पटवारियों को झटका या राहत?

रायपुर। पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) बनने का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। बिलासपुर हाई कोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार को नोटिस जारी कर दिया है और साफ कहा है कि 60 दिनों के भीतर इस पर नियम के मुताबिक फैसला लिया जाए।
दरअसल, 25 साल से ज्यादा सेवा देने वाले कई पटवारी लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर जूनियर कर्मचारियों को प्रमोट कर दिया गया। इसी को लेकर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने माना कि जो कर्मचारी पात्र हैं, उनके दावों को ऐसे ही नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। साथ ही पटवारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 15 दिन के अंदर अपना अभ्यावेदन संबंधित अधिकारी को दें।
अब गेंद सरकार के पाले में है। अगर 60 दिन में फैसला आता है तो कई पटवारियों को प्रमोशन मिल सकता है, वरना मामला और बड़ा हो सकता है।


