CHHATTISGARH CRIME | कारोबारी की हत्या, खेत में गाड़कर छिपाई लाश

कोंडागांव. छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में एक टेंट कारोबारी की हत्या ने सनसनी फैला दी है। सुरेश चौहान, जो पिछले दो दिनों से लापता थे, उनकी लाश खेत में दफन हालत में मिली है। ऊपर से मिट्टी डालकर ऐसे छिपाया गया था जैसे कोई राज दबाने की कोशिश हो रही हो।
पुलिस को जांच के दौरान पहले खून से सनी बाइक मिली, फिर CCTV फुटेज खंगालते-खंगालते मामला एक संदिग्ध तक पहुंचा। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने पूरे केस की दिशा बदल दी और पुलिस सीधे उस खेत तक पहुंच गई जहां शव दफन था।
सुरेश चौहान शिरोमणि डेकोरेट टेंट के संचालक थे और एक बड़ा ऑर्डर लेकर दंतेवाड़ा जाने की तैयारी में थे। लेकिन उससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई।
अब सवाल ये है कि हत्या के पीछे वजह क्या है? पुलिस लूट, अफेयर और जुआ-सट्टा तीनों एंगल से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सुरेश के पास सोने की चेन, अंगूठी और कैश था, जो वारदात के पीछे बड़ी वजह हो सकती है।
फिलहाल एक संदिग्ध हिरासत में है और पुलिस जल्द पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है। परिवार न्याय की मांग कर रहा है।



