CHHATTISGARH | योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा की हार्ट अटैक से मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा को बड़ा झटका लगा है। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा का हार्ट अटैक से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि पार्टी के प्रशिक्षण शिविर के दौरान अचानक उनके सीने में दर्द उठा और बेचैनी बढ़ गई।
मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत बिलासपुर सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद पूरे भाजपा संगठन में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, रूपनारायण सिन्हा जनवरी 2025 में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष बनाए गए थे। उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी मिला हुआ था। योग और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर वे लगातार सक्रिय रहते थे और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी।
घटना की खबर मिलते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे। प्रशिक्षण शिविर का माहौल भी अचानक गमगीन हो गया।



