CG BREAKING | छत्तीसगढ़ कोल घोटाले में 2 साल से फरार नवनीत तिवारी गिरफ्तार

रायपुर, 13 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल स्कैम मामले में आज एक बड़ी कार्रवाई हुई है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी नवनीत तिवारी को जांच एजेंसी ने गिरफ्तार कर लिया है। नवनीत तिवारी पर अवैध कोल लेवी वसूली, अवैध पैसे का निवेश और दस्तावेजों में गड़बड़ी जैसे गंभीर आरोप हैं।
किन धाराओं में केस दर्ज है?
विवेचनाधीन अपराध क्रमांक 03/2024 में आरोपी के खिलाफ धारा 7, 7A और 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) तथा IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी), 120B (षड्यंत्र), 384 (जबरन वसूली), 467, 468, 471 (फर्जी दस्तावेज और उपयोग) के तहत केस दर्ज है।
2 साल से था फरार
जानकारी के मुताबिक, आरोपी नवनीत तिवारी वर्ष 2022 में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की छापेमारी के बाद से फरार था। उसके खिलाफ न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। आखिरकार, आज उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया और पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
बताया जा रहा है कि नवनीत तिवारी कोल स्कैम की पूरी वसूली प्रणाली और उसके पीछे के नेटवर्क का अहम हिस्सा रहा है। उससे पूछताछ के बाद कई अन्य चेहरों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। जांच एजेंसियां इस गिरफ्तारी को एक बड़ी सफलता मान रही हैं।



