RAIPUR MEDICAL COLLEGE | मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में बिजली गुल…

रायपुर. रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अस्थायी हॉस्टल में बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
करीब ढाई लाख रुपये का बिजली बिल बकाया होने की वजह से बिजली विभाग ने हॉस्टल का कनेक्शन काट दिया। इसका सीधा असर वहां रह रहे लगभग 100 एमबीबीएस छात्रों पर पड़ा है, जो पिछले दो दिनों से बिना बिजली के रह रहे हैं।
गर्मी और उमस के बीच हालात और मुश्किल हो गए हैं। बिजली बंद होने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई, जिससे छात्रों को रोजमर्रा की जरूरतों में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
छात्रों को पहले लगा कि यह सामान्य कटौती है, लेकिन बाद में पता चला कि बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण कनेक्शन काटा गया है।
ये हॉस्टल पहले आंदोलन के बाद किराए के भवन में शुरू किया गया था क्योंकि स्थायी छात्रावास अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। तीन साल से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिसकी वजह से छात्रों को लगातार अस्थायी व्यवस्था में रहना पड़ रहा है।
अब कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि बिल भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही बिजली बहाल कर दी जाएगी।



