CHHATTISGARH | रायपुर की कंपनी पर अमेरिकी प्रतिबंध!

रायपुर। छत्तीसगढ़ की एक बड़ी विस्फोटक निर्माता कंपनी अचानक अंतरराष्ट्रीय विवाद के केंद्र में आ गई है। अमेरिका ने सूडान के गृहयुद्ध से जुड़े कथित नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए रायपुर की SBL एनर्जी लिमिटेड और उसके CEO आलोक चौधरी पर प्रतिबंध लगा दिया है।

अमेरिकी वित्त विभाग के मुताबिक, कंपनी पर सूडानी सेना को हथियार और विस्फोटक सप्लाई करने के आरोप हैं। इसी आधार पर अमेरिका ने कंपनी और उसके प्रमुख के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है।
प्रतिबंध के बाद अमेरिका में मौजूद कंपनी और आलोक चौधरी की सभी संपत्तियों और हितों को फ्रीज कर दिया गया है। इसके अलावा किसी भी अमेरिकी नागरिक या संस्था को इनके साथ कारोबार करने पर रोक लगा दी गई है।
हालांकि, SBL एनर्जी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। कंपनी का कहना है कि उसके सभी उत्पाद सिर्फ खनन और सिविल कंस्ट्रक्शन कार्यों के लिए स्वीकृत हैं और उनका सैन्य इस्तेमाल संभव ही नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कंपनी की गतिविधियों और कारोबार पर नजरें टिक गई हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



