CG ASSEMBLY | विधानसभा में 3 अहम विधेयक पास

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन तीन महत्वपूर्ण विधेयकों को सदन से पारित कर दिया गया। इनमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक-2026, औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन संशोधन विधेयक और अग्निशमन आपातकालीन सेवा संस्थान विधेयक शामिल हैं। तीनों विधेयकों को चर्चा के बाद सदन ने मंजूरी दे दी।
देश का पहला राज्य बना छत्तीसगढ़
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक पारित करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है। सरकार का दावा है कि इस कानून से उद्योग लगाने की प्रक्रिया आसान होगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन संशोधन विधेयक और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक सदन में पेश किया। सरकार का कहना है कि नई नीतियों के जरिए निवेश प्रक्रिया को सरल और उद्योग-अनुकूल बनाया जाएगा।
फायर सर्विस को मिलेगी मजबूती
डिप्टी सीएम एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अग्निशमन आपातकालीन सेवा संस्थान विधेयक सदन में प्रस्तुत किया। इस कानून के जरिए आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर सर्विस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
सेवाग्राम परियोजना पर गरमाया सदन
मानसून सत्र के चौथे दिन नवा रायपुर की सेवाग्राम परियोजना को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने परियोजना पर करीब 200 करोड़ रुपए खर्च किए जाने पर सवाल उठाए। जवाब में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि सेवाग्राम परियोजना का निर्णय 10 अप्रैल 2022 को लिया गया था।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अजय चंद्राकर के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। भूपेश बघेल ने कहा कि सेवाग्राम की अवधारणा वर्धा के मॉडल पर आधारित है और वर्तमान सरकार भी इस परियोजना को आगे बढ़ा रही है।



