CHHATTISGARH | कई ट्रेनें रद्द, सफर से पहले देखें लिस्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 27 नवंबर से 17 दिसंबर तक कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ का रूट बदलेगा और कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित स्टेशन से पहले ही समाप्त होंगी।
इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस, दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस और हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया गया है। इसके अलावा हावड़ा-पुणे दुरंतो, पुणे-हावड़ा दुरंतो, उत्कल एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस और कई लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहेगा।
उत्कल एक्सप्रेस का बदलेगा रास्ता
योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस और पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस निर्धारित तारीखों पर परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। ये ट्रेनें झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर सिटी, अंगुल और कटक के रास्ते संचालित होंगी।
साउथ बिहार एक्सप्रेस भी प्रभावित
आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस कुछ तारीखों पर राउरकेला स्टेशन पर ही समाप्त होगी। वहीं, दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस राउरकेला से रवाना होगी। दोनों ट्रेनों का राउरकेला और दुर्ग के बीच परिचालन प्रभावित रहेगा। 14 दिसंबर को पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस भी दो घंटे की देरी से रवाना होगी।
यात्रा से पहले यात्री NTES या रेलवे हेल्पलाइन 139 से ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।



