CG RAID BREAKING | 5 शहरों में कारोबारियों के घर और दफ्तरों पर एक साथ छापे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब और कोल घोटाले की जांच के बीच शुक्रवार सुबह EOW और ACB ने बड़ी कार्रवाई की। रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव और गरियाबंद में एक साथ कारोबारियों के घरों और दफ्तरों पर दबिश दी गई। टीमों ने दस्तावेजों के साथ वित्तीय लेन-देन और डिजिटल डिवाइस की भी जांच शुरू की है।
रायपुर में अनवर ढेबर के घर पहुंची टीम
राजधानी रायपुर में शराब कारोबारी अनवर ढेबर और VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर टीम पहुंची। यहां दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है।
राजनांदगांव से भिलाई-बिलासपुर तक दबिश
राजनांदगांव में करीब 20 अधिकारियों की टीम ने वैभव गोलछा के सनसिटी स्थित मकान और जय बग्गा के घर व व्यावसायिक परिसर में छापा मारा। दोनों को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा का करीबी बताया जा रहा है।
भिलाई-3 के वसुंधरा नगर में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर सुबह करीब 8 बजे टीम पहुंची। वहीं, बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोल कारोबारी शाहबाज खान के घर कोल लेवी मामले में जांच की गई।
गरियाबंद में ज्वेलर्स के ठिकानों पर भी कार्रवाई
गोबरा नवापारा और राजिम में विमल पारख और राजा पारख से जुड़े प्रतिष्ठानों शांति विजय, नवकार ज्वेलर्स और राजा पारख के घर पर भी छापेमारी हुई।
फिलहाल जांच एजेंसियों ने कार्रवाई में मिली सामग्री या दस्तावेजों को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।



