छत्तीसगढ़

राजधानी में रोपे जाएंगे 7 लाख पौधे- अकबर

शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी दफ्तर, रिहाईशी कॉलोनी, गार्डन्स में होगा पौधरोपण

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इस साल 7 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। इसमें विशेष रूप से अटल नगर सहित रायपुर के नगर निगम सीमा के सभी वार्ड और अन्य क्षेत्र शामिल होंगे। वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने प्रदेश में सघन पौधरोपण के निर्देश दिए हैं। इसके तहत राजधानी में वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसे जुलाई महीने के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। अकबर ने कहा है कि राजधानी में वृक्षारोपण से हरियाली रहेगी और साथ ही पेड़-पौधे प्रदूषण के नियंत्रण में सहायक सिध्द होंगे। पौधे लगाते समय उनके संरक्षण का भी ध्यान रखा जाए।
वृक्षारोपण के लिए पूरे राजधानी में जगह चिन्हाकिंत किए जा रहे हैं। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने अटल नगर में करीब 125 एकड़ जमीन दी है। इसके साथ ही नगर निगम के सभी गार्डन्स, सरकारी दफ्तरों के परिसर, आवासीय कॉलोनियों, विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के परिसरों में भी पौधरोपण किया जाएगा। इसके तहत नीम, करंज, अर्जुन, जामुन और कचनार जैसे फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा।
अटल नगर में 5 फीट से ऊंचे पौधों का रोपण किया जाएगा। यहां पर जंगल सफारी, वन विकास निगम और वन विभाग के निर्धारित क्षेत्र में वृक्षारोपण किया जाएगा। इस अभियान के लिए हरियर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत तैयार पौधों का उपयोग किया जाएगा। निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए बिलासपुर, बलरामपुर, दंतेवाड़ा, रायपुर सहित अन्य जगहों से पौधे प्राप्त किए जाएंगे। इस अभियान में गैर सरकारी संस्थाएं, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी तथा नागरिकगण सहभागी होंगे। जिस स्थान पर पौधों का रोपण किया जाएगा, वहां पर उनके संरक्षण के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न संस्थाओं को इनके संरक्षण की जिम्मेदारी दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button