केंद्रीय मंत्री Shivraj Singh Chouhan का छत्तीसगढ़ दौरा, 13 मई को होगा आगमन: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के 13 मई को छत्तीसगढ़ दौरे की संभावना जताई गई...
06, May, 2025 | रायपुर | केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के 13 मई को छत्तीसगढ़ दौरे की संभावना जताई गई है। इस दौरान वे राज्यवासियों को बड़ी सौगात देने वाले हैं। इस दौरे के संबंध में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तीन लाख आवासों का वितरण करेंगे। इसके अलावा, राज्य सरकार की 18 लाख आवासों की गारंटी को पूरा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 2011 की सर्वे सूची और आवास प्लस की लंबित सूची को पूरी तरह से कवर किया जाएगा। इसके बाद, छत्तीसगढ़ की पुरानी प्रतीक्षारत सूची समाप्त कर दी जाएगी और राज्य 18 लाख से भी ज्यादा आवास बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
विजय शर्मा ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इतनी बड़ी संख्या में आवास किसी अन्य राज्य में नहीं बनाए गए हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब पहली बार राज्य में 8.47 लाख आवास स्वीकृत किए गए थे, तब मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अगर एक रुपए की भी गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित जिले के कलेक्टर को तत्काल निलंबित कर दिया जाएगा।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आकस्मिक दौरे के संबंध में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के बिना सूचना के निरीक्षण को लेकर सभी अधिकारी अलर्ट मोड में हैं और काम को पूरी तत्परता से किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जितने भी आवेदन आए हैं, उन्हें विभागवार अलग कर के उस पर काम किया जा रहा है।
कांग्रेस पर निशाना
जातिगत जनगणना के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए इसे राजनीतिक टूल करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा इस मुद्दे का राजनीतिक फायदा उठाया, जबकि जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों के दौरान इस पर कोई पहल नहीं की, उन्होंने सिर्फ इसका फायदा लिया।
नक्सलियों पर हमला
सुकमा में उपसरपंच मुचाकी रामा की हत्या के मामले पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सली अब कायरता हरकत की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने इसे नक्सलियों और आम जन के बीच द्वंद्व का हिस्सा बताया और आश्वस्त किया कि यह समस्या जल्द हल हो जाएगी।
यह घटना सोमवार दोपहर 3 बजे की है, जब अज्ञात नक्सलियों ने मुचाकी रामा को उनके घर से जंगल में ले जाकर बेरहमी से मार डाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



