CG BREAKING | छत्तीसगढ़ BJP में किसी भी समय बड़ा फेरबदल

रायपुर, 13 अगस्त 2025. छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस वक्त चर्चा का केंद्र भाजपा संगठन की नई टीम का ऐलान है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, जो जनवरी में पदभार संभाल चुके हैं, पिछले 7-8 महीनों से पुराने पदाधिकारियों के साथ काम कर रहे थे, लेकिन अब भाजपा हाईकमान ने उनकी नई टीम बनाने का मन बना लिया है। सूत्रों के मुताबिक, टीम का ऐलान किसी भी समय हो सकता है और इसमें बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
सूत्र बताते हैं कि नई टीम के गठन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संगठन मंत्री पवन साय और केंद्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल के साथ गहन चर्चा हुई है। नई टीम में युवा और नए चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी। खास बात यह है कि प्रदेश महामंत्री पद पर पूरी तरह बदलाव होगा, पिछली टीम का कोई भी महामंत्री रिपीट नहीं किया जाएगा। चयन क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के आधार पर होगा, जिसमें सरगुजा, दुर्ग और रायपुर से भी महामंत्री शामिल किए जाने की संभावना है।
हालांकि विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल विस्तार पर अभी इंतजार जारी रहेगा, लेकिन भाजपा संगठन की नई टीम का ऐलान इस समय की सबसे बड़ी खबर माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे प्रदेश की भाजपा इकाई के लिए “पूरी कायापलट” के रूप में देखा जा रहा है।



