BREAKING | पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड POK में ढेर…

रायपुर डेस्क। 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के मास्टरमाइंड बताए जा रहे आतंकी हमजा बुरहान को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में गोली मार दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुजफ्फराबाद में उसके ऑफिस के अंदर घुसकर अज्ञात हमलावरों ने बेहद करीब से उसके सिर में गोली मारी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हमजा बुरहान वही आतंकी था, जिस पर पुलवामा हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप था। 2017 में पाकिस्तान भागने के बाद वह आतंकी संगठन अल बद्र से जुड़ गया था और POK में रहकर आतंकियों की ट्रेनिंग और घुसपैठ का काम संभाल रहा था।
बताया जा रहा है कि वह खुद को स्कूल प्रिंसिपल बताकर लो-प्रोफाइल जिंदगी जी रहा था, जबकि अंदरखाने आतंक का नेटवर्क चला रहा था। ISI की सुरक्षा और सपोर्ट भी उसे मिला हुआ था।
पुलवामा हमला 14 फरवरी 2019 को हुआ था, जिसमें CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे। इसके बाद भारत ने बालाकोट एयरस्ट्राइक कर पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।



