chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

RE-NEET 2026 | पेपर लीक के बाद आज दोबारा परीक्षा, 1:30 बजे के बाद नो एंट्री

 

रायपुर। पेपर लीक विवाद के बाद आज पूरे देश में री-NEET UG 2026 परीक्षा आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ में करीब 45 हजार उम्मीदवार परीक्षा देंगे, जिनमें 28,100 छात्र राज्य के हैं। रायपुर में 25 और पूरे प्रदेश में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। सभी केंद्रों पर सुबह 11 बजे से बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, फ्रिस्किंग और रिपोर्टिंग शुरू हो जाएगी। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

इस बार परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ा दी गई है ताकि निर्देश पढ़ने और जरूरी औपचारिकताओं में छात्रों का समय बर्बाद न हो। दिव्यांग अभ्यर्थियों को 65 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा।

मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उम्मीदवारों को हल्के रंग के साधारण कपड़े और सामान्य चप्पल या सैंडल पहनकर आने की सलाह दी गई है।

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने परीक्षा से पहले विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। CCTV निगरानी, तकनीकी मॉनिटरिंग और कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा कराई जाएगी।

यह वही परीक्षा है जिसे 3 मई को आयोजित किए जाने के बाद पेपर लीक विवाद के चलते 12 मई को रद्द कर दिया गया था। अब परीक्षा की निगरानी के लिए देशभर में 5 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी, 6 हजार से ज्यादा सुपरवाइजर और 674 सिटी कोऑर्डिनेटर तैनात किए गए हैं।

लोक परीक्षा अधिनियम 2024 के तहत पेपर लीक और नकल के मामलों में 10 साल तक की जेल और 1 करोड़ रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है।

NEET के जरिए देशभर के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS, AYUSH, नर्सिंग सहित एक लाख से ज्यादा सीटों पर प्रवेश मिलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button