INTERNATIONAL YOGA DAY | देश ने किया योग, PM ने दिया बड़ा संदेश

रायपुर। आज पूरी दुनिया में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस बार की थीम है ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’। देश का मुख्य कार्यक्रम पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित हुआ, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारों लोगों के साथ योग किया।
करीब 35 हजार लोगों की मौजूदगी में पीएम मोदी ने कहा कि योग अब सिर्फ व्यक्तिगत जीवनशैली का हिस्सा नहीं, बल्कि दुनिया के बेहतर भविष्य की जरूरत बन चुका है। उन्होंने कोलकाता में चलाए गए ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान की भी सराहना की।
योग दिवस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में सामूहिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की प्राचीन परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाई है।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में योग किया, जबकि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने योग गुरु बाबा रामदेव के नेतृत्व में विजयवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिलांग में योग करते हुए कहा कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखता है और इसे वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।



