LAND DEMARCATION | CG के जमीन मालिकों को बड़ी राहत, सीमांकन अब ONLINE

रायपुर। जमीन के सीमांकन को लेकर परेशान रहने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत है। राज्य सरकार ने सीमांकन की प्रक्रिया को अब ऑनलाइन और डिजिटल करने की तैयारी कर ली है। यानी नाप-जोख के लिए बार-बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।
अब सीमांकन के लिए आवेदन CSC/चॉइस सेंटर, ऑनलाइन सिटिज़न पोर्टल या सेवासेतु के जरिए किया जा सकेगा। ऑफलाइन आवेदन की व्यवस्था खत्म की जा रही है और आवेदन सीधे संबंधित तहसीलदार की आईडी में पहुंचेगा।
राजस्व निरीक्षक भी अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन जमा करेंगे। इससे आवेदक अपने आवेदन की स्थिति और प्रक्रिया की जानकारी ऑनलाइन देख सकेगा।
सबसे खास बात यह है कि अगर सीमांकन को लेकर कोई आपत्ति नहीं आती, तो आवेदक को तहसील कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। केवल पड़ोसी या किसी अन्य पक्ष की औपचारिक आपत्ति होने पर ही तहसील जाना पड़ेगा।
राजस्व विभाग के अनुसार, ई-कोर्ट सॉफ्टवेयर में जरूरी तकनीकी बदलाव कर नया मॉड्यूल 7 दिनों के भीतर लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नई व्यवस्था से मैन्युअल प्रक्रिया और अनावश्यक भाग-दौड़ कम होने के साथ बिचौलियों की भूमिका पर भी अंकुश लगाने की उम्मीद है।



