chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

RAIPUR GARBA GUIDELINES | गरबा की तैयारी के बीच रायपुर पुलिस अलर्ट, सख्त निर्देश

 

रायपुर। नवरात्रि के साथ रायपुर में गरबा आयोजनों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच पुलिस ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने शहर के बड़े गरबा आयोजकों के साथ बैठक कर साफ कर दिया कि नियमों का उल्लंघन हुआ तो आयोजन की अनुमति रद्द की जा सकती है।

CCTV से लेकर पार्किंग तक, हर व्यवस्था जरूरी

बैठक में आयोजकों को अनुमति पत्र में दर्ज सभी शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए गए। हर गरबा स्थल पर पर्याप्त CCTV कैमरे लगाने और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने को कहा गया है। पुरुष और महिला वालंटियर के साथ निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने होंगे। इन सभी की सूची संबंधित थाने में जमा करनी होगी।

पुलिस ने प्रवेश और निकास के रास्ते स्पष्ट रखने, इमरजेंसी गेट खुले रखने और तय क्षमता से ज्यादा भीड़ नहीं जुटाने के निर्देश दिए हैं। पार्किंग की व्यवस्था भी ऐसी करनी होगी कि सड़क पर जाम न लगे।

DJ और नशे पर भी सख्ती

गरबा कार्यक्रम तय समय और स्थान पर ही आयोजित किए जा सकेंगे। DJ और साउंड सिस्टम को अनुमति में निर्धारित समय तथा ध्वनि प्रदूषण के नियमों के मुताबिक चलाना होगा। पंडाल में हथियार, ज्वलनशील पदार्थ, शराब और नशीले पदार्थ ले जाने पर रोक रहेगी।

हर आयोजन स्थल पर अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स और कम से कम दो जिम्मेदार पदाधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य होगी। पुलिस ने अश्लील, भड़काऊ या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली प्रस्तुतियों से भी बचने को कहा है।

नियमों का उल्लंघन करने वाले आयोजकों पर वैधानिक कार्रवाई हो सकती है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button