MAHADEV BETTING SCAM | महादेव सट्टा नेटवर्क ने बदले ठिकाने! दुबई से ब्रिटेन तक संचालन
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर जांच एजेंसियों का शिकंजा कसता जा रहा है। कार्रवाई के दबाव के बीच नेटवर्क से जुड़े लोगों के ठिकाने और गतिविधियों में बदलाव की जानकारी सामने आई है। अब इस सिंडिकेट का संचालन दुबई के बजाय ब्रिटेन से किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं, नेटवर्क से जुड़े पैनल श्रीलंका और वियतनाम से चलने की जानकारी भी सामने आई है।
रेड कॉर्नर नोटिस और इंटरपोल की कार्रवाई के बाद दुबई पुलिस ने रवि उप्पल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद नेटवर्क से जुड़े कई लोगों ने अपने ठिकाने बदले। कुछ के मलेशिया पहुंचने की जानकारी है। जांच में नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिकाओं में बदलाव की बात भी सामने आई है।
इधर, सौरभ चंद्राकर के करीबी शुभम सोनी और अनिल अग्रवाल उर्फ अतुल को भारत लाने की तैयारी की जा रही है। दोनों के साथ भोपाल के कारोबारी विशाल आहूजा के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। ईडी के नोटिस के बावजूद तीनों पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। प्रत्यर्पण के लिए दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।
महादेव मामले में ईडी की तलाशी दूसरे दिन भी जारी रही। दिल्ली में कारोबारी राहुल मक्कर, शैली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर जांच की गई।
एजेंसी को आशंका है कि सट्टे से अर्जित रकम दुबई के रियल एस्टेट और भारत के होटल, क्लब व हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश की गई। अब जांच का फोकस सट्टे के नेटवर्क के साथ-साथ पैसों के निवेश और विदेशों में छिपी रकम पर भी है।



