CG DRUG CASE | MDMA ड्रग्स के मामले में 3 युवतियां गिरफ्तार

रायपुर. रायपुर में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इनके पास से 14.73 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई है। मामला शहर के शंकर नगर चौक का है।
ग्राहक को डिलीवरी देने पहुंची थीं
पुलिस के अनुसार, तीनों युवतियों को आधी रात शंकर नगर चौक पर पकड़ा गया। बताया गया कि वे ड्रग्स की डिलीवरी करने पहुंची थीं। गिरफ्तार युवतियों में 27 वर्षीय आशा मदनलाल नायक का नाम सामने आया है। बाकी दो युवतियों के नाम पुलिस ने फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 14.73 ग्राम एमडीएमए जब्त की। इस मामले में नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21(सी) के तहत केस दर्ज किया गया है।
सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियों को ड्रग्स कहां से मिली और इसे किसे पहुंचाया जाना था। जांच में ड्रग्स सप्लाई के पिछले और अगले लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार शाम तक पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही गई है।
नशे की सप्लाई पर रोक लगाने के लिए पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।



