CHHATTISGARH POLITICS | रायपुर आ रहीं स्मृति ईरानी, BJP में क्या बदलेगा?

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियां तेज होने वाली हैं। पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के साथ रायपुर पहुंचेंगी। उनका दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित है, जिसमें संगठन की कार्यप्रणाली से लेकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों तक पर चर्चा होगी।
स्मृति ईरानी के दौरे को देखते हुए प्रदेश भाजपा ने बैठकों की तैयारी शुरू कर दी है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में लगातार बैठकें होंगी। इनमें प्रदेश संगठन को मजबूत करने और नेताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर फोकस रहने की संभावना है।
मुख्यमंत्री से लेकर जिलाध्यक्षों तक मंथन
दौरे के दौरान प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और अन्य संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ चर्चा की जाएगी।
संभाग और जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष तथा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी बैठकों में शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप बैठक भी प्रस्तावित है।
वरिष्ठ नेताओं को मिल सकती है नई भूमिका
दौरे का एक अहम पहलू उन वरिष्ठ नेताओं से चर्चा है, जिनके पास फिलहाल संगठन में बड़ी जिम्मेदारी नहीं है। ऐसे नेताओं के साथ अलग-अलग बातचीत कर उनकी भूमिका और अनुभव पर विचार किया जा सकता है।
पार्टी की नजर 2028 के विधानसभा चुनाव पर है। ऐसे में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और वरिष्ठ नेताओं को नई जिम्मेदारियां देने पर मंथन होने की संभावना है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि इस दौरे के बाद संगठन में क्या बदलाव सामने आते हैं।



