RAIPUR ROWGHAT TRAIN | रावघाट पहुंची रेल, बस्तर के लिए खुला नया रास्ता!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से रावघाट–रायपुर और रायपुर–कुरूद यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान ताड़ोकी–रावघाट और अभनपुर–कुरूद रेलखंडों का लोकार्पण भी किया गया।
आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल
ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने के बाद रावघाट पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ा है। करीब 1,628 करोड़ रुपये की दल्लीराजहरा–रावघाट परियोजना की कुल लंबाई लगभग 95 किलोमीटर है। इससे बस्तर और आसपास के दूरस्थ इलाकों में आवागमन, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे बस्तर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि रेल संपर्क बढ़ने से स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजारों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
कुरूद से धमतरी तक भी बढ़ेगी कनेक्टिविटी
अभनपुर से कुरूद तक करीब 22 किलोमीटर रेलखंड का गेज परिवर्तन पूरा किया गया है। इससे रायपुर–कुरूद रेल सेवा शुरू होने का रास्ता खुला है। कुरूद से धमतरी तक बाकी काम पूरा होने के बाद रेल सेवा के विस्तार की संभावना है।
रायपुर में बनेगी नई मेंटेनेंस फैसिलिटी
कार्यक्रम में रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला रखी गई। इसकी प्रस्तावित क्षमता 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव की होगी।
रेल मंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ में करीब 54 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। राज्य के लिए इस वर्ष 7,470 करोड़ रुपये का रेल बजट आवंटित किया गया है।



