SMRITI IRANI IN CG | छत्तीसगढ़ BJP में अब किसकी बारी?

रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारी को लेकर भाजपा संगठन ने अपनी रणनीति तेज करने की तैयारी कर ली है। प्रदेश की नई प्रभारी स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर में संगठन की मैराथन बैठकें लेंगी। इस दौरे में वर्तमान नेताओं के साथ पुराने विधायकों, सांसदों और संगठन में जिम्मेदारी निभा चुके नेताओं से भी चर्चा होगी।
पुराने नेताओं को क्यों बुलाया जा रहा है?
बैठक में 2013 और 2018 में विधायक रहे नेताओं के साथ 2014 और 2019 में सांसद चुने गए नेताओं को भी आमंत्रित करने की तैयारी है। प्रदेश संगठन इनकी सूची तैयार कर रहा है। स्मृति ईरानी इन नेताओं से अलग-अलग चर्चा कर सकती हैं और उनके क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा राजनीतिक माहौल का फीडबैक ले सकती हैं।
संगठन में दो कार्यकाल तक विभिन्न पदों पर रहे नेताओं को भी बुलाया जा रहा है। इनमें कुछ नेता अभी मंत्री, विधायक या संगठन पदाधिकारी हैं, जबकि कुछ के पास फिलहाल कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं है। ऐसे नेताओं के अनुभव का उपयोग करने और उनकी भूमिका तय करने पर चर्चा होने की संभावना है।
मंत्रियों से जिला प्रभारियों तक बैठक
दो दिवसीय दौरे में मंत्री, विधायक, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी तथा संभाग और जिला प्रभारी भी बैठकों में शामिल होंगे।
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा और आगामी चुनाव की तैयारी पर चर्चा होगी। अब नजर इस बात पर रहेगी कि इन बैठकों के बाद पुराने नेताओं को क्या जिम्मेदारी मिलती है।



