chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

BHILAI STEEL PLANT | BSP बिकेगा या नहीं? भूपेश बघेल ने उठाए सवाल

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की बिक्री को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रबंधन ने बिक्री की खबरों को अफवाह और भ्रामक बताया, तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सवाल उठाया कि ऐसा खंडन जारी करने की अनुमति किसने दी?

बघेल ने पूछा कि क्या BSP के जनसंपर्क विभाग ने भारत सरकार की मंजूरी से बयान जारी किया है? उन्होंने कहा कि प्लांट की बिक्री का फैसला भारत सरकार के स्तर पर होता है। अगर बिना अनुमति बयान जारी हुआ है, तो संबंधित अधिकारी को भिलाई की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

BSP प्रबंधन ने 18 अक्टूबर को जारी बयान में बिक्री की खबरों को गलत बताया था। प्रबंधन के मुताबिक, इस्पात मंत्रालय और PIB फैक्ट चेक ने भी इन दावों का खंडन किया है।

अडाणी समूह को लेकर क्या बोले बघेल?

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि अडाणी समूह की नजर BSP की रेल मिल पर है और प्लांट को खरीदने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

इस मामले में भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अगर प्लांट बेचने की योजना नहीं है, तो करीब 10 हजार रहवासियों को घर खाली करने के नोटिस क्यों दिए गए? उन्होंने प्रबंधन से नोटिस के पीछे की वजह स्पष्ट करने की मांग की।

विवाद के बीच भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर बघेल पर निशाना साधा। बघेल ने कहा कि उनकी मांग साफ है पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि भिलाई स्टील प्लांट नहीं बिकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button