DEEPAK BAIJ | मुरिया दरबार से स्मृति ईरानी तक, बैज के तीखे सवाल!

रायपुर। बस्तर दशहरा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने मुरिया दरबार की परंपराओं से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि राष्ट्रपति के दो बार बस्तर आने से आखिर क्या फायदा हुआ?
बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुरिया दरबार को मजाक बना दिया है और बस्तर दशहरा की परंपराओं को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं किया गया। उन्होंने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और कहा कि जेलों में बंद नक्सलियों तथा सरकार के साथ बातचीत कर रहे नक्सलियों को लेकर तस्वीर स्पष्ट होनी चाहिए।
1 नवंबर को दिल्ली में प्रदर्शन
दीपक बैज ने इंडिया गठबंधन के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली में बड़ी रैली होगी, जिसमें हजारों कांग्रेसी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में कथित वोट चोरी, SIR के जरिए मतदाताओं के नाम काटने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे।
स्मृति ईरानी के दौरे पर भी तंज
भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे पर बैज ने सवाल उठाया कि क्या वह पार्टी के भीतर गुटबाजी कम कर पाएंगी? उन्होंने महंगाई, भ्रष्टाचार और आम लोगों को राहत देने के भाजपा के दावों पर भी सवाल खड़े किए।
बैज ने गैस सिलेंडर की कीमत और सस्ती शक्कर जैसे मुद्दे उठाते हुए पूछा कि क्या जनता को इन मामलों में राहत मिलेगी। उनके बयान से प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के संकेत हैं।



