chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH | जहरीली शराब का शक, दो की मौत

 

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के पामगढ़ नगर पंचायत में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। मृतकों में BSP पार्षद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे शामिल हैं। दोनों की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथ शराब पीने वाले दो अन्य युवकों का इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे चारों दोस्तों ने पामगढ़ के पुराने अस्पताल परिसर में बैठकर शराब पी थी। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को बिलासपुर रेफर किया गया।

राम खिलावन जांगड़े ने सिम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि जोहित खरे की मौत अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। बाकी दो युवकों को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

शराब में जहरीला पदार्थ होने की आशंका

घटना के बाद शराब में जहरीला पदार्थ मिले होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौतों की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि दोनों की मौत शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी से हुई या इसकी कोई दूसरी वजह थी।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button