chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CHHATTISGARH | 16 हजार NHM कर्मचारियों को दो बड़ी राहत …

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के करीब 16 हजार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) संविदा कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे आंदोलन के बाद सरकार ने उनकी दो प्रमुख मांगों पर सहमति दे दी है। अब कर्मचारियों को सरकारी कर्मियों की तर्ज पर मेडिकल री-इंबर्समेंट और तबादला नीति में विशेष छूट मिल सकती है। इन फैसलों की आधिकारिक घोषणा इसी महीने होने की संभावना जताई जा रही है।

नई व्यवस्था के तहत कर्मचारियों और उनके आश्रितों को मान्यता प्राप्त अस्पतालों में इलाज कराने पर निर्धारित नियमों के अनुसार खर्च की भरपाई मिल सकेगी। वहीं, पति-पत्नी की एक ही स्थान या आसपास के जिलों में पोस्टिंग, दिव्यांग कर्मचारियों को गृह क्षेत्र में पदस्थापना और आपसी सहमति से तबादले की सुविधा देने पर भी सहमति बनी है।

दरअसल, NHM कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले साल करीब 33 दिनों तक हड़ताल की थी। मुख्यमंत्री के साथ बैठक के बाद आंदोलन स्थगित हुआ था। इसके बाद से मांगों पर क्रमशः कार्रवाई की जा रही है।

कर्मचारियों को 27 प्रतिशत लंबित वेतन वृद्धि और जुलाई 2023 से शेष 5 प्रतिशत वृद्धि का लाभ मिलने की जानकारी भी दी गई है। एक महीने का चिकित्सा अवकाश स्वीकृत किया गया है। ग्रेड पे निर्धारण के लिए कमेटी काम कर रही है, जबकि पब्लिक हेल्थ कैडर की मांग अभी प्रक्रिया में है।

हालांकि, कर्मचारियों की सबसे बड़ी मांग नियमितीकरण और संविलियन अब भी अधूरी है। ऐसे में दो नई राहतों के बीच 16 हजार कर्मचारियों की नजर अब इस सबसे बड़े फैसले पर टिकी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button