CG D.ed CANDIDATES PROTEST | 329 दिन का इंतजार, अब राष्ट्रीय अध्यक्ष से आस!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों ने अब अपनी लड़ाई राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का फैसला किया है। तूता धरना स्थल पर पिछले 329 दिनों से अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी 15 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात करेंगे।
इस मुलाकात के लिए करीब एक हजार अभ्यर्थी अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों के साथ धरमजयगढ़ पहुंचेंगे। उनकी प्रमुख मांग प्रदेश में रिक्त पड़े 2,300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की है।
2,300 पदों पर नियुक्ति की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से आंदोलन करने के बावजूद उनकी मांग पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है। उनका दावा है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के बाद भी पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का इंतजार करना पड़ रहा है।
उनके मुताबिक, प्रदेश में सहायक शिक्षक के करीब 2,300 पद खाली हैं, लेकिन नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। इसी मुद्दे को वे राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखेंगे।
परिवार के साथ पहुंचेंगे अभ्यर्थी
डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि यह सिर्फ नौकरी का मामला नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य से जुड़ा सवाल है। लंबे इंतजार के कारण युवाओं को आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब सबकी नजर 15 नवंबर की प्रस्तावित मुलाकात पर है। सवाल यही है कि क्या राष्ट्रीय नेतृत्व के हस्तक्षेप से 329 दिनों से जारी आंदोलन को कोई रास्ता मिलेगा?



