TS SINGH DEO LETTER | टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख क्या मांगा ?

रायपुर। छत्तीसगढ़ के छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले बच्चों के भोजन और नाश्ते के बजट का मुद्दा अब सरकार तक पहुंच गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मेस राशि में तत्काल बढ़ोतरी और छात्रावास अधीक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग की है।
तीन साल से नहीं बढ़ी मेस राशि

13 नवंबर 2026 को लिखे पत्र में सिंहदेव ने बताया कि छात्रावासों में बच्चों के भोजन और नाश्ते के लिए तय राशि में पिछले तीन साल से कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। इस दौरान दाल, चावल, तेल, सब्जियों और दूसरी खाद्य सामग्री के दाम काफी बढ़ गए हैं। ऐसे में पुरानी राशि में बच्चों को पौष्टिक और संतुलित भोजन देना मुश्किल हो रहा है। इसका असर उनके स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और पढ़ाई पर भी पड़ सकता है।
HMS पोर्टल की कटौती पर भी सवाल
सिंहदेव ने HMS पोर्टल पर एक-दो दिन की अनुपस्थिति के आधार पर मेस बजट में कटौती किए जाने पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि रसोई का खर्च लगभग स्थिर रहता है, इसलिए न्यूनतम 24 दिनों की उपस्थिति के आधार पर पूरा मेस बजट स्वीकृत किया जाना चाहिए।
अधीक्षकों की 24 घंटे ड्यूटी का मुद्दा
पत्र में छात्रावास अधीक्षकों की 24 घंटे ड्यूटी, छुट्टी और परिवार के साथ रहने की सुविधा नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया है। सिंहदेव ने परिवार के लिए वैकल्पिक आवास व्यवस्था, सफाई और प्राथमिक उपचार सामग्री का बजट, कंप्यूटर-इंटरनेट सुविधा और VSK ऐप से छूट जैसी मांगों पर भी विचार करने को कहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित विभाग को इन समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश देने का आग्रह किया है। अब देखना होगा कि सरकार इन मांगों पर क्या कदम उठाती है।



