CHHATTISGARH | महाठग दीपक टंडन की बढ़ी मुश्किलें, 3 दिन की रिमांड!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित महाठग दीपक टंडन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है। आरोपी के खिलाफ तेलीबांधा थाने में धमकी, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी से जुड़े पांच मामले दर्ज हैं। अब पुलिस इन मामलों में उससे पूछताछ करेगी।
AI तस्वीरों से ब्लैकमेलिंग का आरोप
दीपक टंडन को इससे पहले बिलासपुर पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। उस पर अपने न्यूज पोर्टल के जरिए AI तकनीक से तस्वीरों में बदलाव कर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। शिकायतकर्ता का दावा था कि ऐसा उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने के लिए किया गया।
पुलिस ने आरोपी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इनमें पोर्टल से जुड़ी सामग्री के साथ कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात कही गई है।
पुराने धोखाधड़ी मामले भी जांच के दायरे में
कोरबा के अंकित सिंह ने भी दीपक टंडन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि उनके पिता से पहले 27.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। समझौते के तहत पांच लाख रुपये का चेक दिया गया, लेकिन शिकायतकर्ता के मुताबिक वह पहले से होल्ड था। पैसे मांगने पर जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।
अब पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, ब्लैकमेलिंग और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। पूछताछ में नए खुलासे होने की संभावना है।



