CG JAIL DEATH | जेल में फिर क्या हुआ? कैदी की संदिग्ध मौत से हड़कंप

महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महासमुंद जिला जेल एक बार फिर सवालों के घेरे में है। चार कैदियों के फरार होने की घटना के बाद अब जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान बिलासपुर के तिफरा स्थित यदुनंदन नगर निवासी सैय्यद अशफाक के रूप में हुई है। वह साल 2023 से एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल में बंद था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
चार कैदियों के फरार होने के बाद दूसरी घटना
गौरतलब है कि 16 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे इसी जेल से चार कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इनमें धर्मवीर, लीलाधर और राजेंद्र एनडीपीएस मामलों में बंद थे, जबकि पंचराम चोरी के मामले में आरोपी था। पुलिस ने फरार कैदियों में से एक को सरायपाली इलाके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने जेल की सुरक्षा और कैदियों की देखरेख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल कैदी की मौत के मामले में पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है।



