CG RAID BREAKING | बर्बरीक ग्रुप पर IT की बड़ी रेड, तीन शहरों में छापेमारी!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कारोबारी जगत में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आयकर विभाग की टीमों ने रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ में एक साथ छापेमारी शुरू कर दी। सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई के केंद्र में रायपुर का बर्बरीक ग्रुप बताया जा रहा है। समूह के संचालक श्रवण अग्रवाल के निवास पर भी अधिकारियों की टीम जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग के अधिकारी समूह से जुड़े अलग-अलग व्यावसायिक ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। कार्रवाई का मकसद संबंधित कारोबार और उससे जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल करना बताया जा रहा है।
भोपाल-रायपुर की संयुक्त टीम सक्रिय
इस कार्रवाई में भोपाल और रायपुर की आयकर टीमों के 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं। अलग-अलग शहरों में एक साथ जांच के लिए टीमें तैनात की गई हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी तैनात हैं।
अब तक क्या मिला?
फिलहाल आयकर विभाग ने छापेमारी के कारणों और जांच में मिले दस्तावेजों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि कार्रवाई के दौरान कोई बड़ी वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है या नहीं।
अब सबकी नजर जांच पूरी होने और विभाग की आधिकारिक जानकारी पर है। आने वाले समय में इस कार्रवाई से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।



