CG CABINET BREAKING | साय कैबिनेट के 4 बड़े फैसले, किसे मिलेगा फायदा?

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में ग्रामीण पेयजल, जनजातीय विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा और राजनांदगांव में सरकारी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े चार अहम फैसले लिए गए। इन फैसलों का असर प्रदेश की छोटी पंचायतों से लेकर दूरस्थ जनजातीय इलाकों और विद्यार्थियों तक पहुंचेगा।
छोटी पंचायतों को मिलेगा नलजल अनुदान
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी है। इसके तहत एक हजार से कम आबादी वाली पंचायतों को नलजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए मुख्यमंत्री नल जल अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए पंचायतों को कम से कम 50 प्रतिशत जल प्रभार वसूलना होगा। वहीं, 75 प्रतिशत से अधिक वार्षिक वसूली करने वाली पंचायतों को 50 हजार रुपए सालाना प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
अबूझमाड़ के विद्यार्थियों के लिए 40.98 करोड़
नारायणपुर में रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को तीन साल में करीब 40.98 करोड़ रुपए का अनुदान देने की मंजूरी दी गई है। इससे अबूझमाड़िया विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
राजनांदगांव को दो बड़ी सौगात
कैबिनेट ने राजनांदगांव के ग्राम कौरिनभांठा में बाल संप्रेक्षण गृह बनाने के लिए 0.223 हेक्टेयर जमीन महिला एवं बाल विकास विभाग को देने का फैसला किया है। वहीं, बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर में माध्यमिक शिक्षा मंडल के संभागीय कार्यालय के लिए 264 वर्गमीटर जमीन आवंटित की जाएगी।



