chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

BAFNA HOUSE CASE | सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग जांचेगी पुलिस

 

जगदलपुर। बाफना हाउस में 21 वर्षीय युवती की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। परिजन इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या और यौन उत्पीड़न की आशंका जता रहे हैं। वहीं, सर्व समाज ने धरना देकर मामले की CBI जांच की मांग की है। दूसरी ओर बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने प्रदर्शन और आरोपों पर चिंता जताते हुए कहा है कि इससे व्यापारियों में डर का माहौल बन रहा है।

परिजनों ने पुलिस को मिले सुसाइड नोट की लिखावट पर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि नोट की हैंडराइटिंग युवती की दूसरी नोटबुक में मौजूद लिखावट से मेल नहीं खाती। परिवार ने युवती के शरीर पर खरोंच और चोट के निशान होने के साथ निजी अंगों पर चोट के आरोप भी लगाए हैं।

वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी बताई गई है। CSP अंशिका जैन के मुताबिक, सुसाइड नोट की जांच हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराई जाएगी। पुलिस ने युवती का मोबाइल भी परिजनों से लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। प्रतिष्ठान के मालिक और कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

इधर, चेंबर अध्यक्ष श्याम सोमानी ने कहा कि अब तक की जांच में बाफना परिवार या कर्मचारियों की भूमिका सामने नहीं आई है। चेंबर ने परिवार की सुरक्षा को लेकर IG, कलेक्टर और SP को पत्र भी सौंपा है।

अब मोबाइल की फॉरेंसिक जांच और हैंडराइटिंग रिपोर्ट से कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। फिलहाल युवती की मौत को लेकर प्रदर्शन और आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button