chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CONGRESS POLITICAL STRATEGY | सरगुजा में कांग्रेस की बड़ी जमावट, क्या है अगली रणनीति?

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ‘जल, जंगल और जमीन’ के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर ब्लॉक के ग्राम कांटारोली में आयोजित जनचौपाल में पार्टी के कई बड़े नेता एक मंच पर नजर आए। इसे आदिवासी क्षेत्रों में खोए जनाधार को वापस पाने और संगठन में एकजुटता दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत हुई सभा में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

सभा में नेताओं ने हसदेव अरण्य और तारा कोल ब्लॉक का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार पेसा कानून और संविधान की पांचवीं अनुसूची की भावना के मुताबिक काम नहीं कर रही है। कांग्रेस ने इसे आदिवासियों की जमीन, संस्कृति, पहचान और आजीविका से जुड़ा सवाल बताया। महंगाई, भ्रष्टाचार और कथित वोट चोरी के आरोपों के जरिए भी सरकार को निशाने पर लिया गया।

इस सभा की एक अहम तस्वीर शीर्ष नेताओं की साझा मौजूदगी रही। 2023 के विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग की सभी 14 सीटों पर कांग्रेस को हार मिली थी। ऐसे में सिंहदेव, बैज और महंत का एक मंच पर आना कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देने की कोशिश माना जा रहा है।

सुखदेव भगत का सरगुजा और बिलासपुर संभाग पर फोकस भी इसी रणनीति का हिस्सा दिखता है। अब सवाल है कि कांटारोली की यह एकजुटता जमीनी संगठन और आगामी चुनावी तैयारी में कितना असर दिखा पाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button