CHHATTISGARH CRIME | रेत विवाद में BJP नेता को जिंदा जलाया

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत इलाके में रेत कारोबार को लेकर जो विवाद चल रहा था, वो अब खून-खराबे में बदल गया। नौगई गांव में बीजेपी नेता और पूर्व जनपद अध्यक्ष लल्ला सिंह के घर के सामने खड़ी फॉर्च्यूनर कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
इस हमले में कार में सवार लोग किसी तरह बाहर निकल गए, लेकिन बाहर निकलते ही उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। इसी दौरान लल्ला सिंह और उनके साथ मौजूद विरेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के दौरान विरेंद्र सिंह की मौत हो गई, जिससे इस घटना में अब तक 2 लोगों की जान जा चुकी है।
घटना में मयंक सिंह, नागेंद्र सिंह और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ रेत घाट और अवैध खनन से जुड़ी है, जो पिछले कई दिनों से बढ़ रहा था। देर रात आरोपियों ने घर को घेरकर डंपर लगाकर रास्ता रोका और फिर कार को आग के हवाले कर दिया।
मामले में अब तक 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि 3 की तलाश जारी है। IG स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।



