CG GST FRAUD | चायवाले के नाम पर 22 करोड़ का कारोबार!

रायपुर। रायपुर में GST फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। राज्य GST विभाग की जांच में ऐसी कई फर्मों का पता चला है, जिनके नाम पर करोड़ों रुपये का कारोबार दिखाया गया। हैरानी की बात ये है कि जिन लोगों के नाम पर फर्में थीं, उनमें से कई को अपने नाम से कारोबार चलने की जानकारी तक नहीं थी।
मामले में मेसर्स अगस्त्य इंटरप्राइजेस के संचालक अमन कुमार अग्रवाल के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
चाय ठेले वाले के नाम पर करोड़ों का कारोबार
जांच में सामने आया कि कुछ फर्में चाय बेचने वाले, इलेक्ट्रिशियन और दिहाड़ी मजदूर जैसे लोगों के नाम पर बनाई गई थीं।
विभाग के मुताबिक विकास यदु के नाम से अगस्त्य इंटरप्राइजेस बनाई गई थी। इस फर्म से 22 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार दिखाया गया और करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया गया।
विकास ने अधिकारियों को बताया कि वह पहले चाय का ठेला लगाता था और उसे इस कारोबार की कोई जानकारी नहीं थी।
मृत व्यक्ति के नाम पर भी किरायानामा
जांच के दौरान एक और मामला सामने आया। गरियाबंद की एक फर्म के दस्तावेजों में मकान मालिक के तौर पर फूल सिंह का नाम दर्ज था। GST विभाग के अनुसार फूल सिंह की मौत 2010 में ही हो चुकी थी, लेकिन उनके नाम से 2025 में किरायानामा तैयार किया गया।
इस फर्म से भी करोड़ों रुपये का कारोबार और ITC दिखाया गया था।
बैंक खातों को लेकर भी सवाल
GST अधिकारियों ने फर्मों के बताए गए पते पर जांच की तो कई जगह वास्तविक कारोबार नहीं मिला। पूछताछ में कई लोगों ने फर्म चलाने से इनकार किया।
कुछ लोगों ने यह भी कहा कि GST रिकॉर्ड में दर्ज बैंक खाते उनके नहीं हैं। विभाग को आशंका है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए फर्में बनाकर टैक्स लाभ लेने की कोशिश की गई।
फिलहाल अमन अग्रवाल के खिलाफ FIR दर्ज है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।



