CG LIQUOR SHOPS | 1 अक्टूबर से शराब दुकानों पर बड़ा बदलाव!

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रीमियम शराब खरीदने वालों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1 अक्टूबर 2026 से प्रदेश की सभी 49 प्रीमियम शराब दुकानों पर नकद भुगतान बंद हो जाएगा।
आबकारी विभाग के आदेश के मुताबिक, ग्राहक शराब खरीदने के बाद दुकान पर लगे QR कोड को स्कैन कर ऑनलाइन भुगतान करेंगे। यानी इन दुकानों पर खरीदारी करने जाएं तो जेब में कैश से ज्यादा जरूरी मोबाइल और ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा होगी।
विभाग ने यह फैसला प्रीमियम शराब दुकानों पर लगातार मिल रही ओवररेट की शिकायतों के बीच लिया है। तय कीमत से ज्यादा पैसे लेने की शिकायतों पर लगाम लगाने के लिए भुगतान प्रक्रिया को डिजिटल किया जा रहा है।
कैशलेस भुगतान से हर बिक्री का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। इससे विभाग के लिए लेनदेन की निगरानी करना आसान होगा और किसी ग्राहक से तय MRP से ज्यादा राशि लिए जाने की शिकायत की जांच में भी भुगतान का रिकॉर्ड काम आ सकेगा।
नई व्यवस्था के बाद ग्राहकों को शराब की बोतल पर दर्ज MRP जरूर जांचनी चाहिए। अगर निर्धारित कीमत से ज्यादा राशि मांगी जाती है, तो डिजिटल भुगतान का रिकॉर्ड शिकायत के दौरान महत्वपूर्ण सबूत बन सकता है।
आबकारी विभाग का कहना है कि कैशलेस व्यवस्था का उद्देश्य सिर्फ भुगतान का तरीका बदलना नहीं, बल्कि शराब बिक्री में पारदर्शिता बढ़ाना और ओवररेट जैसी शिकायतों पर नियंत्रण करना है।



