CG POLICE BHARTI | गृह मंत्री को मनाने तांत्रिक बना अभ्यर्थी!

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती की सेकंड वेटिंग लिस्ट और खाली पदों पर भर्ती की मांग को लेकर कवर्धा में अभ्यर्थियों का आंदोलन अब अनोखे अंदाज में पहुंच गया। चार दिन से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों में से एक युवक तांत्रिक का रूप धरकर तंत्र-मंत्र करता नजर आया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अभ्यर्थी पुलिस आरक्षक भर्ती के खाली पदों पर भर्ती और सेकंड वेटिंग लिस्ट जारी करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने सिर भी मुंडवाया, वहीं कई ने रात खुले आसमान के नीचे बिताई।

रविवार को गृह मंत्री विजय शर्मा खुद प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने जमीन पर बैठकर अभ्यर्थियों की बात सुनी और कहा कि रिक्त पदों को भरने के लिए वे कैबिनेट में भी बात रख चुके हैं। अंतिम फैसला मुख्यमंत्री और कैबिनेट को लेना है।
लेकिन तत्काल फैसला नहीं होने पर अभ्यर्थी फिर डिप्टी CM के कार्यालय के गेट पर बैठ गए। कुछ सड़क पर लेटकर नारेबाजी करने लगे।



