chhattisgarhhindi newsछत्तीसगढ़

CG RAID BREAKING | GST स्टेट टीम की बड़ी कार्रवाई

 

रायपुर। बिलासपुर और मुंगेली में GST स्टेट टीम ने टैक्स से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दोनों जिलों में 6 कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश देकर दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया है।

बिलासपुर के व्यापार विहार में गुटखा, ड्रायफ्रूट्स और तेल कारोबार से जुड़े तीन प्रतिष्ठान जांच के दायरे में हैं। टीम स्टॉक, खरीद-बिक्री के बिल, इनवॉइस, कंप्यूटर डेटा और जीएसटी रिटर्न में दर्ज जानकारी का मिलान कर रही है।

वहीं मुंगेली जिला मुख्यालय में तीन होटल और रेस्टोरेंट पर कार्रवाई की गई है। विभाग को कुछ प्रतिष्ठानों में कच्चे बिल के जरिए टैक्स बचाने की शिकायतें मिलने की बात सामने आई है।

इसी कार्रवाई के बीच गेली के बावा होटल पर 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने की जानकारी है। अधिकारियों के हवाले से दावा है कि जीएसटी चोरी सामने आने के बाद जुर्माने की रकम वसूलकर सरकारी खजाने में जमा करा दी गई है। हालांकि विस्तृत आधिकारिक दस्तावेज सामने आने के बाद ही टैक्स देनदारी की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

विभाग की जांच सिर्फ इन 6 प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं है। बिना वैध ई-वे बिल और कथित फर्जी इनवॉइस के जरिए माल परिवहन करने वाले नेटवर्क की भी पड़ताल चल रही है।

तीन वित्तीय वर्षों के रिटर्न की जांच में विभाग ने 115 से ज्यादा संदिग्ध बोगस डीलरों और कथित शेल कंपनियों को चिन्हित किए जाने की जानकारी दी है। आरोप है कि कुछ फर्मों के जरिए कागजों पर कारोबार दिखाकर करोड़ों रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट ट्रांसफर किया गया।

फिलहाल दस्तावेज, स्टॉक और डिजिटल डेटा की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही संबंधित कारोबारियों की वास्तविक टैक्स देनदारी और कथित अनियमितताओं की तस्वीर साफ होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button